रास चुनाव : हरियाणा के कांग्रेस विधायकों को हिमाचल के कुफरी से कसौली स्थानांतरित किया गया

रास चुनाव : हरियाणा के कांग्रेस विधायकों को हिमाचल के कुफरी से कसौली स्थानांतरित किया गया

रास चुनाव : हरियाणा के कांग्रेस विधायकों को हिमाचल के कुफरी से कसौली स्थानांतरित किया गया
Modified Date: March 15, 2026 / 08:35 pm IST
Published Date: March 15, 2026 8:35 pm IST

शिमला, 15 मार्च (भाषा)हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नजदीक स्थित कुफरी के दो रिजॉर्ट में ठहरे हरियाणा के 31 कांग्रेस विधायकों को राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले रविवार शाम को बारिश और ओलावृष्टि के बीच सोलन जिले के कसौली में स्थानांतरित किया गया।

कांग्रेस विधायक भारी सुरक्षा काफिले के साथ तीन छोटी बसों में सवार होकर शाम लगभग 4.20 बजे कुफरी से रवाना हुए।

सूत्रों ने बताया कि चंडीगढ़ से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित कसौली के एक होटल में उनके लिए 40 कमरे बुक किए गए हैं।

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतों की गिनती उसी दिन शाम पांच बजे से शुरू होगी।

कांग्रेस ने विधायकों को प्रभावित करने और क्रॉस-वोटिंग को लेकर चिंताओं के बीच शुक्रवार को अपने हरियाणा के विधायकों को शिमला के बाहरी इलाके कुफरी में स्थानांतरित कर दिया था।

इन विधायकों और उनके साथ आए लोगों के ठहरने के लिए दो होटल में 37 कमरे बुक किए गए थे। होटल के कर्मचारियों और कांग्रेस नेताओं को ही अंदर जाने की अनुमति थी, जबकि मीडिया को दूर रखा गया था।

हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटें खाली होने वाली हैं, क्योंकि भाजपा सदस्य किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल को पूरा होने वाला है। इन सीटों के लिए भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल मैदान में हैं, और हर उम्मीदवार को उच्च सदन में पहुंचने के लिए 31 मतों की आवश्यकता होगी।”

भाषा धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में