नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी तब तक चैन से नहीं बैठेगी, जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) जैसी परीक्षा में पेपर लीक को रोकने के लिए एक पुख्ता व्यवस्था लागू नहीं हो जाती।
उन्होंने हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों का एक वीडियो साझा किया, जिसमें नीट परीक्षा के पेपर लीक का मुद्दा उठाया गया और प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रधान के खिलाफ नारे भी लगाए।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, “जब लाखों युवा सड़कों पर हैं, 22 लाख बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है और प्रधानमंत्री चुप हैं, तब सरकार प्रतिक्रिया देने पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रही है, बल्कि टालमटोल करने में व्यस्त है।”
गांधी ने ‘एक्स’ पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, “जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता और नीट जैसे पेपर लीक रोकने के लिए पुख्ता व्यवस्था नहीं बनती, हम रुकेंगे नहीं।”
पेपर लीक होने के कारण नीट-स्नातक परीक्षा रद्द होने के बाद से कांग्रेस मांग कर रही है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान या तो इस्तीफा दें या उन्हें बर्खास्त किया जाए।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप