पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र पर चुनाव के लिए मतगणना शुरू
पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र पर चुनाव के लिए मतगणना शुरू
कोलकाता, 24 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान के दौरान पड़े मतों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दक्षिण 24 परगना जिले की इस सीट पर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से छेड़छाड़ और अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद मतदान रद्द कर दिया गया था। इसके बाद 21 मई को निर्वाचन क्षेत्र के सभी 285 बूथ पर पुनर्मतदान कराया गया।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।’’
पुनर्मतदान के दौरान 2.36 लाख मतदाताओं में से 87 प्रतिशत से अधिक ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान के लिए सुरक्षा इंतजाम दोगुने कर दिए थे और मतदान सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरे निर्वाचन क्षेत्र में केंद्रीय बलों की करीब 35 कंपनियां तैनात की गई थीं।
इस सीट पर आधिकारिक रूप से छह उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने पुनर्मतदान से कुछ दिन पहले घोषणा की थी कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी ने इसे उनका निजी फैसला बताया था।
निर्वाचन क्षेत्र में 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद से तनाव बना हुआ था। उस समय कई बूथ से शिकायतें मिली थीं कि ईवीएम पर इत्र जैसे पदार्थ और टेप लगाए गए थे।
बाद में की गई जांच में कई मतदान केंद्रों पर लगे वेब कैमरों में रिकॉर्ड फुटेज से छेड़छाड़ के कथित प्रयासों का भी पता चला। इससे बूथ-स्तरीय अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, मतदान कर्मियों और चुनाव पर्यवेक्षकों की भूमिका पर सवाल उठे। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने सभी बूथ पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था।
भाषा सिम्मी सुरभि
सुरभि

Facebook


