हिटलर संबंधी टिप्पणी को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर बरसे माकपा महासचिव बेबी

Ads

हिटलर संबंधी टिप्पणी को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर बरसे माकपा महासचिव बेबी

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 10:56 AM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 10:56 AM IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की हिटलर संबंधी टिप्पणी को लेकर उन पर तीखा हमला किया और उन पर ‘बुलडोजर राजनीति’ करने का आरोप लगाया।

बेबी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की आलोचना की। उन्होंने रेड्डी को लेकर कहा कि उनकी टिप्पणियां ‘‘संघ परिवार की वैचारिक रुचियों’’ की प्रतिध्वनि हैं।

माकपा नेता बेंगलुरु में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में रेवंत रेड्डी द्वारा की गई उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने राज्य की आपदा मोचन और परिसंपत्ति संरक्षण एजेंसी ‘हाइड्रा’ को नाजी तानाशाह एडॉल्फ हिटलर से प्रेरित बताया था।

बेबी ने कहा, ‘‘तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने संभवतः मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की कहानी को इतिहास के साथ मिला दिया है, लेकिन हिटलर के प्रति उनके सम्मानभाव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एडोल्फ हिटलर और उसके नरसंहारक दस्तों की प्रशंसा करके तथा अपनी प्रवर्तन एजेंसी द्वारा की गई कार्रवाई पर प्रसन्नता जताकर वह निस्संदेह संघ परिवार की उन वैचारिक रुचियों को दोहरा रहे हैं, जिनसे उनका पुराना संबंध रहा है।’’

बेबी ने ‘हाइड्रा’ द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की जा रही ध्वस्तीकरण कार्रवाइयों की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कार्रवाइयों का असमान रूप से गरीबों और वंचित वर्गों पर असर पड़ रहा है तथा इन्हें कानूनी प्रक्रियाओं की अनदेखी कर अंजाम दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘तेलंगाना में कांग्रेस सरकार द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर की जा रही ध्वस्तीकरण कार्रवाइयां मुख्य रूप से गरीबों और हाशिए पर रहने वाले लोगों को निशाना बना रही हैं तथा इन्हें कानून की परवाह किए बिना अवैध तरीके से अंजाम दिया जा रहा है।’’

बेबी ने आरोप लगाया कि कई बेदखली अभियान ऐसे समय में चलाए गए, जब अदालतों ने यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए थे और प्रभावित लोगों को पूर्व सूचना भी नहीं दी गई थी।

भाजपा शासित राज्यों में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर विपक्षी दलों की आलोचना का उल्लेख करते हुए उन्होंने पूछा कि कांग्रेस तेलंगाना सरकार की कार्रवाइयों को कैसे उचित ठहरा सकती है।

दरअसल, रेड्डी ने शनिवार को बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में कहा था कि उन्होंने हैदराबाद में झीलों, नालों और अन्य जल निकायों पर व्यापक अतिक्रमण को देखते हुए ‘हाइड्रा’ की स्थापना करने का निर्णय लिया।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने इस नाम पर कहा था, ‘‘हाइड्रा हिटलर का पसंदीदा शब्द था। उसकी कोर टीम, जो किसी की भी हत्या कर सकती थी, को हाइड्रा कहा जाता था। इसलिए मैंने हिटलर से प्रेरणा लेकर इसका नाम हाइड्रा रखा है।’’

तेलंगाना सरकार ने जुलाई 2024 में ‘हाइड्रा’ की स्थापना की थी, ताकि झीलों जैसी सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण और अन्य अवैध गतिविधियों से बचाया जा सके।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव