बंगाल में भाजपा सरकार बनने के एक माह के भीतर अपराधी जेल में होंगे: राजनाथ सिंह
बंगाल में भाजपा सरकार बनने के एक माह के भीतर अपराधी जेल में होंगे: राजनाथ सिंह
हावड़ा (प. बंगाल), दो मार्च (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आने के एक महीने के भीतर अपराधी ‘‘जेल में होंगे या भगवान जाने कहां’’।
उन्होंने, हालांकि कहा कि बंगाल में बेरोजगारी समाप्त करने में लगभग पांच से 10 साल लगेंगे।
सिंह हावड़ा जिले के अमटा में आयोजित ‘‘परिवर्तन यात्रा’’ रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में भाजपा सरकार बनने के एक महीने के भीतर, अपराधी या तो जेल में होंगे, या भगवान जाने कहां।’’
उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगी।
सिंह ने कहा, ‘‘यहां बेरोजगारी की समस्या को समाप्त करने में हमें पांच से 10 साल लगेंगे।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस राज्य में लोगों को विभाजित कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि समाज सुधारने के लिए राजनीति करती है, जबकि तृणमूल राज्य के लोगों को विभाजित कर रही है।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पूछा, ‘‘राज्य में अपराध में लिप्त लोगों को सजा क्यों नहीं दी जाती? आप 15 साल से सरकार चला रही हैं, पश्चिम बंगाल में गरीबी क्यों नहीं मिटाई गई और महिलाएं सुरक्षित क्यों महसूस नहीं करतीं?’’
बनर्जी पर अपराधियों को तरजीह देने का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा, ‘‘उनका (ममता का) स्नेह अपराधियों, भ्रष्टाचारियों और एक विशेष धर्म के लोगों के लिए है।’’
उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों का अब यह मानना है कि उनकी (बनर्जी की) सरकार में उनका कोई नुकसान नहीं होगा।
सिंह ने दावा किया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं पर अत्याचार की सबसे अधिक घटनाएं बंगाल में होती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘बंगाल में कानून तोड़ने वाले ही हावी हैं, कानून नहीं।’’
रक्षा मंत्री ने कहा कि बंगाल में बदलाव का समय आ गया है। इसके साथ ही उन्होंने बंगाल के लोगों से अपील की कि इस बार चुनाव में (भाजपा के पक्ष में) किसी भी तरह की हिचकिचाहट न करें।
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल की धरती साफ-साफ संदेश दे रही है कि तृणमूल की अत्याचारों की कहानी अब राज्य में जारी नहीं रह सकेगी।’’
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं के प्रति हिंसा और अत्याचार का भय व्यापक रूप से फैला हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि कोई भी व्यक्ति (इस) राज्य की महिलाओं को नुकसान पहुंचाने की हिम्मत करता है, तो उसे ‘भाजपा सरकार’ सबक सिखाएगी।’’
सिंह ने कहा, ‘‘राज्य की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि लोग डरते हैं और महिलाएं घर से बाहर निकलने से पहले दो बार सोचती हैं।’’
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के सभी हिस्सों में भ्रष्टाचार व्याप्त है और राज्यभर के लोग इसके बारे में शिकायत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब लोग आश्वस्त हैं कि ममता बनर्जी की सरकार जा रही है और भाजपा सत्ता में आ रही है।’’
सिंह ने दावा किया कि जैसे ही राज्य में भाजपा सरकार बनेगी, बंगाल में अप्रत्याशित विकास और प्रगति देखी जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल के लोग असली बदलाव चाहते हैं, जहां अच्छी शासन व्यवस्था, विकास और सुरक्षा हो।’’
भाषा
सुरेश दिलीप
दिलीप

Facebook


