देहरादून, 24 मई (भाषा) देहरादून पुलिस ने पिछले वर्ष एक स्थानीय कारोबारी की हत्या के मामले में आरोपी एवं 25 हजार रुपये की इनामी महिला को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी हुमैरा उर्फ जोया के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि जोया की गिरफ्तारी सह-आरोपी एवं शार्पशूटर राजन उर्फ जैकी की 19 मई को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद हुई।
पुलिस के अनुसार, जोया और राजन ने संपत्ति विवाद के चलते अजय भाटेजा (54) की हत्या के लिए उसके सौतेले भाई अमित के कहने पर सुपारी ली थी।
अजय पिछले साल 26 मई को कृष्णा विहार स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे। अजय का शरीर फर्श पर पड़ा था और नाक से खून बह रहा था, जबकि आत्महत्या दिखाने के लिए छत के पंखे से एक चादर लटकी हुई थी।
अजय के रिश्ते के भाई जतिन कुमार की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से राजन और जोया का पता लगाया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान राजन ने 25 मई को अजय की तकिए से गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की थी।
अमित, देहरादून और मसूरी स्थित अजय की कई संपत्तियों में हिस्सा चाहता था, जिसके कारण सौतेले भाइयों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि अमित ने राजन को देहरादून के जाखन स्थित अजय की संपत्ति में आधे हिस्से का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया। उन्होंने बताया कि राजन ने बाद में हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए जोया को अपने साथ मिला लिया।
उन्होंने बताया कि घटना वाली रात अजय के घर राजन, जोया, अमित और एक अन्य मित्र नीरज गए थे। उन्होंने बताया कि बाकी लोग बाद में घर से चले गए, लेकिन अजय भाटेजा के साथ जोया वहीं रुक गई।
उन्होंने बताया कि राजन रात करीब एक बजे घर लौटा और अजय को शराब पिलायी। एसएसपी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने तकिए से अजय का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान राजन ने बताया कि उसने आत्महत्या दिखाने के लिए शव को छत के पंखे से लटकाने की कोशिश की, लेकिन बाहर कार में इंतजार कर रहे अमित और नीरज के साथ वह जल्दी ही वहां से निकल गया।
एसएसपी ने बताया कि नीरज को हत्या की साजिश की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि मुख्य षड्यंत्रकर्ता अमित भाटेजा अब भी फरार है। उन्होंने बताया कि टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप