दिल्ली: बदरपुर में पुलिस से मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली: बदरपुर में पुलिस से मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बदरपुर इलाके में पुलिस के साथ संक्षिप्त गोलीबारी के बाद नासिर-दानिश पहलवान गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया, जो 20 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा (48) के तौर पर की गयी है । उन्होंने बताया कि उसे गोलीबारी के दौरान पैर में गोली लगी और बाद में उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम को सलीम की गतिविधियों के बारे में विशिष्ट जानकारी मिली थी, जो कथित तौर पर इलाके में चोरी या सेंधमारी करने की योजना बना रहा था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘एक टीम तैनात की गई थी, और जब संदिग्ध स्कूटर पर वहां पहुंचा, तो उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की।’
अधिकारी ने बताया कि पीछा करने के दौरान, उसने अपना आपा खो दिया और सड़क पर गिर गया। फिर उसने एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल निकाली और पुलिस टीम पर दो गोलियां चलाईं।
पुलिस दल ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो गोलियां चलाईं। गोलीबारी के दौरान एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू में कर हिरासत में ले लिया गया।
अधिकारी ने बताया, ‘मौके से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार खाली कारतूस और आरोपी द्वारा इस्तेमाल किया गया स्कूटर बरामद किया गया है।’
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
पूछताछ के दौरान, सलीम ने खुलासा किया कि वह नासिर-दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य है और कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसे पहले उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सलीम पहलवान नामक अपराधी की हत्या से संबंधित एक हत्या मामले में दोषी ठहराया गया था और उस मामले में उसने आठ साल की सजा काटी थी।
अधिकारी ने कहा, ‘आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है और वह पहले भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में हत्या, हत्या के प्रयास, सेंधमारी और चोरी सहित 75 से अधिक मामलों में शामिल रहा है।’
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


