दिल्ली: धोखाधड़ी के आरोप में महिला गिरफ्तार
दिल्ली: धोखाधड़ी के आरोप में महिला गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंच के माध्यम से आसान ऋण का प्रलोभन देकर एक व्यक्ति से कथित तौर पर 20 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में 40 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर निवासी सतविंदर कौर नामक महिला को मामले में तकनीकी जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने फर्जी ऋण का प्रलोभन देकर ठगी करने की शिकायत 13 मार्च को दर्ज कराई थी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से एक फोन नंबर पर संपर्क किया और खुद को ऋण दिलाने में मदद करने वाली के तौर पर पेश किया।’’
उन्होंने बताया कि महिला ने सबसे पहले 25 अप्रैल, 2025 को शिकायतकर्ता से इसी तरह के प्रस्ताव के साथ कथित तौर पर संपर्क किया था, जिसे पीड़ित ने उस समय अस्वीकार कर दिया था।
हालांकि, आरोपी ने 16 जनवरी 2026 को फिर से संपर्क करने के बाद उसे ऋण सुविधा का लाभ उठाने के लिए राजी कर लिया। उसने शिकायतकर्ता को कथित तौर पर बताया कि ऋण राशि का पांच प्रतिशत धन प्रक्रिया शुल्क अग्रिम रूप से देना होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘सौदेबाजी के बाद, आरोपी तीन प्रतिशत शुल्क स्वीकार करने के लिए सहमत हो गई और शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये अंतरित करने को कहा।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘पैसा मिलने के तुरंत बाद, आरोपी ने शिकायतकर्ता के फोन और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया और वादा किया गया ऋण भी नहीं दिया।’’
उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी से प्राप्त राशि सतविंदर कौर के बैंक खाते में अंतरित की गई थी। तकनीकी जानकारी और मौके पर हुई जांच के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर से गिरफ्तार किया।
भाषा यासिर धीरज
धीरज

Facebook


