राम नवमी के अवसर पर गोवा के मंदिरों में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए श्रद्धालु

राम नवमी के अवसर पर गोवा के मंदिरों में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए श्रद्धालु

राम नवमी के अवसर पर गोवा के मंदिरों में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए श्रद्धालु
Modified Date: March 26, 2026 / 02:48 pm IST
Published Date: March 26, 2026 2:48 pm IST

पणजी, 26 मार्च (भाषा) गोवा के मंदिरों में बृहस्पतिवार को राम नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर विशेष प्रार्थनाओं, भजनों और अन्य अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

गोवा के राज्यपाल पी अशोक गजपति राजू ने जनता को शुभकामनाएं देते हुए उनसे समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

दक्षिण गोवा के पोंडा तालुका में स्थित श्री रामनाथ मंदिर में सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालु एकत्रित होने लगे। इस अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया।

लोगों ने पुजारियों द्वारा आयोजित विशेष पूजा में भाग लिया और पारंपरिक अनुष्ठानों में शामिल हुए।

उत्तरी गोवा के कोल्वाले स्थित श्री राम देवस्थान मंदिर में श्रद्धालुओं ने रामायण पाठ, भजन और प्रसाद वितरण में भाग लिया।

दक्षिण गोवा के मडगांव जिले के कोम्बा इलाके में स्थित श्री दामोदर मंदिर में भी विशेष प्रार्थन आयोजित की गई।

गोवा के राज्यपाल ने जनता को अपने संदेश में कहा, ‘यह पवित्र त्योहार भगवान श्री राम के जन्म का प्रतीक है, जो धर्म, सद्गुण, करुणा और आदर्श नेतृत्व के प्रतीक हैं। भगवान राम को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ के रूप में भी पूजा जाता है।’

उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन लोगों को सत्य, न्याय, विनम्रता और भक्ति के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा, “इस शुभ अवसर पर, आइए हम धर्म के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं और अपने समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करें। यह त्योहार सभी के लिए सुख, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली लाए और हमें धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करे।”

भाषा तान्या वैभव

वैभव


लेखक के बारे में