द्रमुक नीत गठबंधन ने तमिलनाडु में एलपीजी किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया

द्रमुक नीत गठबंधन ने तमिलनाडु में एलपीजी किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया

द्रमुक नीत गठबंधन ने तमिलनाडु में एलपीजी किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया
Modified Date: March 15, 2026 / 04:19 pm IST
Published Date: March 15, 2026 4:19 pm IST

चेन्नई, 15 मार्च (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नीत गठबंधन ‘सेक्युलर प्रोग्रेसिव एलायंस’ (एसपीए) ने रविवार को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया और देश में घरेलू रसोई गैस तथा व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।

इन विरोध प्रदर्शनों में कांग्रेस, वामपंथी दलों और थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाली विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) सहित गठबंधन के घटक दलों ने हिस्सा लिया।

गठबंधन के घटक दलों ने एक बयान में आरोप लगाया कि कई परिवारों और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रभावित करने वाला यह संकट केंद्र सरकार की ‘‘भ्रामक नीतियों’’ तथा योजना की कमी का परिणाम है।

गठबंधन ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष ने पिछले महीने से उर्जा की इस वैश्विक आपूर्ति को बाधित किया है, लेकिन केंद्र पर्याप्त भंडारण सुरक्षित करने में ‘‘विफल’’ रहा है।

कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई ने चेन्नई पूर्व में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया जबकि मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) प्रमुख वाइको ने मदुरै में विरोध प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान थिरुमावलवन ने पश्चिम एशिया में संघर्ष के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी आलोचना की।

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, मानिथनेया मक्कल कषगम, तमिलगा वाझ्वुरिमई काची, कोंगुनाडु मक्कल देसिया काची ने भी विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया। एलपीजी गैस सिलेंडर की कथित कमी के कारण भोजनालयों में हो रहीं दिक्कतों को कम करने के लिए, तमिलनाडु सरकार ने ‘इंडक्शन स्टोव’ का उपयोग करने वालों के लिए बिजली के बिल में प्रति यूनिट दो रुपये की सब्सिडी देने की घोषणा की है।

भाषा यासिर धीरज

धीरज


लेखक के बारे में