द्रमुक ने रजनीकांत को धमकाया : टीवीके नेता
द्रमुक ने रजनीकांत को धमकाया : टीवीके नेता
चेन्नई, 14 मार्च (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नेता आधव अर्जुन ने यह दावा करके विवाद खड़ा कर दिया है कि तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक)ने सुपरस्टार रजनीकांत को तब ‘धमकी’ दी थी जब उन्होंने राजनीति में प्रवेश करने की कोशिश की थी।
अर्जुन के इस दावे के बाद रजनीकांत के प्रशंसकों और पूर्व सलाहकार की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई है।
रजनीकांत के पूर्व सलाहकार रा अर्जुनमूर्ति ने टिप्पणी की कड़ी निंदा की और टीवीके के संस्थापक विजय से अर्जुन पर कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया।
तमिलनाडु के मंत्री एस. रेगूपथी ने इस आरोप को लेकर टीवीके पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विजय के नेतृत्व वाली पार्टी झूठ बोलकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है।
मंत्री ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि रजनीकांत द्रमुक के मित्र हैं और उन्होंने पार्टी के प्रति समर्थन व्यक्त किया है।
रेगुपथी ने कहा, ‘‘ रजनीकांत को धमकाया नहीं जा सकता। यह बात सभी जानते हैं। द्रमुक द्वारा उन्हें धमकाने की बात कहना सरासर झूठ है। विजय की पार्टी राजनीतिक लाभ के लिए ऐसा कह रही है।’’ उन्होंने बताया कि 1996 के चुनाव में रजनीकांत ने द्रमुक का समर्थन किया था।
टीवीके के महासचिव आधव अर्जुन ने 12 मार्च को यहां राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी सदस्यों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि जब रजनीकांत ने राजनीति में प्रवेश करने की कोशिश की तो द्रमुक ने उन्हें धमकी दी थी।
हालांकि, उनकी टिप्पणियों की रजनीकांत के प्रशंसकों सहित विभिन्न वर्गों ने आलोचना की है।
रजनीकांत के फैन क्लब के सदस्य एस रवि ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘रजनीकांत धमकियों से डरने वाले व्यक्ति नहीं हैं। महामारी के दौरान उन्होंने सभाओं में संक्रमण फैलने के खतरे को देखते हुए राजनीति से दूरी बना ली थी। वे वायरस के कारण होने वाली जानमाल की हानि को रोकना चाहते थे।’’
विजय को संबोधित एक पत्र में, रजनीकांत के पूर्व सलाहकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु एनजीओ प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अर्जुनमूर्ति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आधव अर्जुन अनावश्यक विवाद पैदा कर रहे हैं और दिग्गज हस्तियों का अनादर कर रहे हैं।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


