विजय को रोकने में विफल रहने के कारण हताशा में काम कर रही द्रमुक: कांग्रेस सांसद

Ads

विजय को रोकने में विफल रहने के कारण हताशा में काम कर रही द्रमुक: कांग्रेस सांसद

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 04:31 PM IST

चेन्नई, 24 मई (भाषा) कांग्रेस सांसद बी. मणिकम टैगोर ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए पार्टी के कांग्रेस विरोधी रुख को ‘‘नाटक’’ करार दिया और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को लेकर द्रमुक की योजना विफल हो जाने के कारण वह हताशा में ऐसा कर रही है।

उन्होंने शनिवार को द्रमुक के युवा प्रकोष्ठ की बैठक में कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी के खिलाफ पारित प्रस्ताव को भी खारिज किया।

विरुधुनगर से लोकसभा सदस्य टैगोर ने 23 मई की देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “द्रमुक की युवा इकाई कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाना बना रही है क्योंकि उनकी योजना विफल हो गई। उनकी योजना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की इच्छा के अनुरूप विजय को मुख्यमंत्री बनने से रोकने की थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।”

उन्होंने दावा किया कि वाम दलों (माकपा), वीसीके और आईयूएमएल के नेताओं ने भी द्रमुक के “पिछले दरवाजे से किए जा रहे राजनीतिक सौदों” को उजागर किया है।

टैगोर ने द्रमुक पर “धर्मनिरपेक्षता का मुखौटा” पहनने और साथ ही भाजपा के साथ ‘‘गुप्त समझौते’’ करने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने दावा किया, “विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के दौरान ही द्रमुक और अन्नाद्रमुक के बीच गुप्त वार्ता शुरू हो गई थी। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने इसमें मध्यस्थ की भूमिका निभाई। अब यह धीरे-धीरे सार्वजनिक हो रहा है।”

कांग्रेस द्वारा द्रमुक नीत सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस से अलग होकर विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) का समर्थन करने के फैसले का बचाव करते हुए टैगोर ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ कभी समझौता नहीं करेगी।

उन्होंने कहा, “हमारी स्थिति पांच मई को ही स्पष्ट हो गयी थी। भाजपा के साथ गुप्त समझौते की राजनीति करने वालों से बातचीत का कोई मतलब नहीं है। हमारा फैसला साफ था-कांग्रेस तमिलनाडु में केवल धर्मनिरपेक्ष सरकार का ही समर्थन करेगी।’’

भाषा रवि कांत प्रशांत

प्रशांत