कार में मिला सवाई मानसिंह अस्पताल के चिकित्सक का शव
कार में मिला सवाई मानसिंह अस्पताल के चिकित्सक का शव
जयपुर, 29 जून (भाषा) जयपुर में आदर्श नगर थानाक्षेत्र की फ्रंटियर कॉलोनी में सोमवार को सवाई मानसिंह अस्पताल के एक चिकित्सक का शव उनकी ही कार में मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) के संदीप कुमार शर्मा (37) के रूप में हुई जो सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग में प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर थे।
आदर्श नगर के थानाधिकारी मनीष गुप्ता ने बताया कि डॉ. संदीप सोमवार सुबह अपनी कार से फ्रंटियर कॉलोनी पहुंचे थे तथा कार पूर्वाह्न 9.30 बजे से ही एक मकान के बाहर खड़ी थी।
गुप्ता के अनुसार दोपहर करीब एक बजे जब लोगों को शक हुआ तो उन्होंने कार के अंदर देखा ।
थानाधिकारी के मुताबिक कार में चालक सीट पर संदीप अचेत नजर आये एवं उनके मुंह से झाग एवं पानी निकल रहा था।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा उसने संदीप को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार

Facebook


