दिल्ली में दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में वृत्तचित्र निर्माता युवक की मौत

Ads

दिल्ली में दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में वृत्तचित्र निर्माता युवक की मौत

  •  
  • Publish Date - November 2, 2023 / 01:08 AM IST,
    Updated On - November 2, 2023 / 01:08 AM IST

नयी दिल्ली, एक नवंबर (भाषा) दक्षिण दिल्ली के पंचशील एन्क्लेव के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में 30 वर्षीय वृत्तचित्र (डॉक्युमेंटरी) निर्माता की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई।

पुलिस के अनुसार पीयूष पाल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।

घटना के संबंध में रात 10 बजकर 11 मिनट पर हौज खास थाने को सूचना दी गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो दोनों मोटरसाइकिल सवारों – पाल और बंटी (26) को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया जा चुका था।

दुर्घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें पाल की मोटरसाइकिल बंटी की बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। बंटी गुरुग्राम में वाहन चालक के रूप में काम करता है।

अधिकारी ने कहा, “बंटी के बयान और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। लेकिन मंगलवार शाम करीब छह बजे हमें पाल की मौत की जानकारी मिली।”

भाषा जोहेब संतोष

संतोष