डीयू की सहायक प्रोफेसर की हत्या, पूर्वी दिल्ली के फ्लैट में मिला शव

डीयू की सहायक प्रोफेसर की हत्या, पूर्वी दिल्ली के फ्लैट में मिला शव

डीयू की सहायक प्रोफेसर की हत्या, पूर्वी दिल्ली के फ्लैट में मिला शव
Modified Date: June 4, 2026 / 11:34 pm IST
Published Date: June 4, 2026 11:34 pm IST

नयी दिल्ली, 4 जून (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एक कॉलेज की 49 वर्षीय सहायक प्रोफेसर बृहस्पतिवार दोपहर पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि मृतक की पहचान देवस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो शिवाजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर थीं और वसुंधरा एन्क्लेव के एक फ्लैट में अकेली रहती थीं।

पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 2:35 बजे एक महिला ने फोन पर सूचना दी कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है और उसका शव फ्लैट के अंदर पड़ा हुआ है।

पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां फोन करने वाली महिला देवरति पॉल ने अधिकारियों को बताया कि वह अपनी बहन को सुबह से बार-बार फोन कर रही लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पा रहा।

देवरति ने पुलिस को बताया कि फ्लैट बाहर से बंद था और किसी अनहोनी की आशंका के चलते उसने ताला तोड़ा और फ्लैट के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उसने अपनी बहन को घर में मृत पाया और पुलिस को सूचित किया।

डीसीपी ने बताया कि अपराध टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को घटनास्थल पर बुलाया गया। फ्लैट की विस्तृत जांच की गई और प्रासंगिक साक्ष्य व फॉरेंसिक नमूने एकत्र किए गए।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल पाएगा।

इस संबंध में न्यू अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

कुमार के मुताबिक, जांचकर्ता पीड़िता की हालिया गतिविधियों, संपर्कों और इलाके के सीसीटीवी फुटेज सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान तान्या सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में