विद्यार्थियों को नशीले पदार्थ बेचने के आरोप में डीयू का छात्र गिरफ्तार
विद्यार्थियों को नशीले पदार्थ बेचने के आरोप में डीयू का छात्र गिरफ्तार
नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एक कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय युवक को विद्यार्थियों को मादक पदार्थ की आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और उसके पास 20 लाख रुपये मूल्य का ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद किया गया है।
पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी जसीम सियादुल फरसान एम.पी. मूल रूप से केरल के कोझिकोड का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली के विजय नगर इलाके में रहता है। उसके पास से 195 ग्राम ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद किया गया है।
उत्तर पश्चिम की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने पत्रकारों को बताया, ‘जसीम दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज का छात्र है और वर्तमान में बीए की पढ़ाई कर रहा है।’
उन्होंने बताया कि विजय नगर डबल स्टोरी में एक पार्क के पास मादक पदार्थ की बिक्री के संबंध में विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए, टीम ने छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार किया।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने उसके पास से कथित तौर पर 195 ग्राम ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद किया जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य लगभग 20 लाख रुपये है।
मॉडल टाउन थाने में स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।
यादव के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मांग के अनुसार विभिन्न ग्राहकों को प्रतिबंधित पदार्थ की आपूर्ति करता था और आसानी एवं तेजी से पैसा कमाने के उद्देश्य से उसने अपराध का रास्ता अपनाया।
उन्होंने बताया कि सत्यवती कॉलेज के छात्रों को भी मादक पदार्थ की आपूर्ति करता था।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत तथा नशीले नेटवर्क में उसकी कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


