ईडी ने पोंजी मामले में जब्त किये गये विमान को तीन करोड़ रुपये में नीलाम किया
ईडी ने पोंजी मामले में जब्त किये गये विमान को तीन करोड़ रुपये में नीलाम किया
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने हैदराबाद की एक कंपनी और उसके प्रवर्तकों के खिलाफ धनशोधन की जांच के तहत जब्त किये गये एक व्यावसायिक विमान को तीन करोड़ रुपये में नीलाम कर दिया है।
यह कार्रवाई करोड़ों रुपये के पोंजी घोटाले के जरिये निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोपों से जुड़े मामले में की गई है।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़ा ‘हॉकर 800ए’ विमान, कंपनी “कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड” के खिलाफ मामले में मार्च 2025 में की गई तलाशी के दौरान केंद्रीय एजेंसी के हैदराबाद क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जब्त किया गया था।
ईडी ने एक बयान में कहा कि इसके बाद जांच एजेंसी ने धनशोधन निवारण नियम, 2013 के तहत गठित निर्णायक प्राधिकरण के समक्ष एक आवेदन दायर किया, जिसमें जब्त किये गये विमान को बेचने की अनुमति मांगी गई।
इसमें कहा गया है कि प्राधिकरण ने नवंबर 2025 में ईडी को जब्त किए गए विमान की नीलामी की अनुमति दे दी।
ईडी के अनुसार इस विमान को एक जुलाई को ‘मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉरपोरेशन लिमिटेड’ (एमएसटीसी) के माध्यम से तीन करोड़ रुपये के मूल्य पर नीलाम किया गया।
इसने कहा कि इस धन का उपयोग ईडी द्वारा धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के अनुसार वास्तविक निवेशकों को क्षतिपूर्ति/वापसी के लिए किया जाएगा, बशर्ते कि इसके लिए धनशोधन रोधी कानून के तहत स्थापित विशेष अदालत की अनुमति प्राप्त हो।
धनशोधन का यह मामला साइबराबाद पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा ‘कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड (फाल्कन ग्रुप), इसके अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अमरदीप कुमार और कुछ अन्य के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी से सामने आया है।
आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने एक पोंजी योजना के माध्यम से निवेशकों को उनके द्वारा निवेश की गई राशि से अधिक ‘रिटर्न’ देने का झांसा देकर लगभग 792 करोड़ रुपये की ठगी की।
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


