पंजाब : जल प्रदूषण मामले में ईडी ने शिअद के पूर्व विधायक की शराब कपंनी के परिसरों पर छापेमारी की

पंजाब : जल प्रदूषण मामले में ईडी ने शिअद के पूर्व विधायक की शराब कपंनी के परिसरों पर छापेमारी की

पंजाब : जल प्रदूषण मामले में ईडी ने शिअद के पूर्व विधायक की शराब कपंनी के परिसरों पर छापेमारी की
Modified Date: July 16, 2024 / 03:50 pm IST
Published Date: July 16, 2024 3:50 pm IST

जालंधर, 16 जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को फिरोजपुर जिले में मिट्टी और भूजल के कथित प्रदूषण के एक मामले से जुड़ी धन शोधन जांच के तहत पंजाब में शिअद के पूर्व विधायक दीप मल्होत्रा के स्वामित्व वाली एक शराब कंपनी के खिलाफ छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने पंजाब, दिल्ली और मध्य प्रदेश में शराब कंपनी के सात परिसरों पर छापेमारी की। कंपनी — मालब्रोस इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड– का स्वामित्व शराब व्यवसायी दीप मल्होत्रा, गौतम मल्होत्रा ​​और उनके परिवार के पास है।

पिछले साल फरवरी में ईडी ने गौतम मल्होत्रा ​​को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े कथित धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था।

आरोप है कि शराब कंपनी की एक फैक्टरी ने फिरोजपुर जिले की जीरा तहसील में स्थित अपने परिसर के आसपास औद्योगिक अपशिष्ट डालकर और उन्हें बोरवेल के माध्यम से जमीन में बहाकर मिट्टी और भूजल को दूषित किया।

ईडी के अनुसार, इससे फैक्टरी के चार किलोमीटर के दायरे में भूमि और जल प्रदूषण हुआ।

यह मुद्दा संसद में भी उठाया गया था, जिसके बाद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने केंद्रीय भूजल बोर्ड के साथ मिलकर जीरा स्थित शराब फैक्टरी का दौरा किया था।

सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण रिपोर्ट में फैक्टरी द्वारा कई आधारों पर पर्यावरण मानदंडों का उल्लंघन किए जाने का उल्लेख किया गया है।

उन्होंने बताया कि बाद में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जल प्रदूषण रोकथाम एवं नियंत्रण अधिनियम, 1974 के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप में कंपनी के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज की थी।

सूत्रों ने बताया कि प्रभावित गांवों के स्थानीय लोगों और किसानों ने भी फैक्टरी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था।

इस आंदोलन के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जनवरी, 2023 में फैक्टरी को तत्काल बंद करने का आदेश दिया था।

भाषा

शफीक प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में