कोलकाता, 24 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कारोबारी जय एस. कामदार के आवास पर तलाशी के दौरान लगभग चार करोड़ रुपये का सोना जब्त किया और एक “संदिग्ध डायरी” बरामद की। बताया जाता है कि कामदार पुलिस अधिकारी शांतनु सिन्हा बिस्वास के करीबी हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ‘सोना पप्पू’ मामले के संबंध में ईडी की जारी जांच के तहत शुक्रवार को मध्य कोलकाता के मार्क्यूइस स्ट्रीट स्थित कामदार के आवास पर तलाशी ली गई।
उन्होंने बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बरामद किया गया सोना क्या कथित तौर पर बिस्वास से जुड़े कोष का उपयोग करके खरीदा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम ने उसके रिश्तेदारों, सहयोगियों, पुलिसकर्मियों और उससे जुड़े माने जाने वाले व्यापारियों से संबंधित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि बिस्वास पर भूमि धोखाधड़ी तथा पुलिस तबादलों और तैनाती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं सहित कई आरोप लगे हैं।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत