गुरुग्राम में अदालत के रिकॉर्ड रूम में आग लगी, कोई हताहत नहीं
गुरुग्राम में अदालत के रिकॉर्ड रूम में आग लगी, कोई हताहत नहीं
गुरुग्राम(हरियाणा), 24 मई (भाषा) गुरुग्राम के जिला न्यायालय परिसर के रिकॉर्ड कक्ष में रविवार दोपहर आग लग गई, जिसके बाद दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाया जाना बाकी है।
उन्होंने बताया कि आग तेजी से अदालत परिसर में अन्य कक्षों में फैल गई और इमारत का एक हिस्सा भी ढह गया।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे अदालत के रिकॉर्ड रूम से धुआं निकलते और आग की लपटें दिखाई दीं, जिसके बाद चौकीदार ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया।
शुरुआत में भीम नगर अग्निशमन केंद्र से दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। बाद में आग बुझाने में दमकल की और 10 गाड़ियां लगाई गईं।
भाषा
शुभम सुभाष
सुभाष

Facebook


