राजस्थान में पहला नेत्र प्लाक ब्रैकीथेरेपी ऑरेशन सफल

Ads

राजस्थान में पहला नेत्र प्लाक ब्रैकीथेरेपी ऑरेशन सफल

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 07:00 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 07:00 PM IST

जयपुर, 24 मई (भाषा) महात्मा गांधी अस्पताल के चिकित्सकों ने नेत्र कैंसर उपचार के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राजस्थान में पहली बार नेत्र प्लाक ब्रैकीथेरेपी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देने का दावा किया है।

चिकित्सकों ने बताया कि यह उपचार एक ऐसी महिला मरीज का किया गया जिसकी एक आंख पहले ही संक्रमण के कारण नष्ट हो चुकी थी और दूसरी आंख में गंभीर कैंसर विकसित हो गया था।

नेत्र कैंसर विशेषज्ञ डॉ. रोलिका बंसल ने बताया कि अब तक नेत्र कैंसर के मामलों में आंख निकालना ही एकमात्र विकल्प माना जाता था, लेकिन अब नेत्र प्लाक ब्रैकीथेरेपी जैसी आधुनिक तकनीक से मरीज की आंख और दृष्टि दोनों को सुरक्षित रखने की संभावना बढ़ गई है।

उन्होंने बताया कि 72 वर्षीय महिला मरीज की एक आंख लगभग 30 वर्ष पहले संक्रमण के कारण नष्ट हो चुकी थी, ऐसे में दूसरी आंख को बचाना चिकित्सकों के लिए बड़ी चुनौती थी।

उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ टीम ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से सफल उपचार करके मरीज की दृष्टि और आंख को सुरक्षित रखने में सफलता प्राप्त की ।

इस ऑपरेशन को नेत्र रोग विभाग, रेडिएशन, न्यूक्लियर मेडिसिन और कैंसर रोग विभाग की संयुक्त टीम ने सफल बनाया।

डॉ. बंसल ने बताया कि अस्पताल में नेत्र कैंसर और नेत्र पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा के लिए विशेष उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया गया है। इसमें ‘आंख के रेटिना का कैंसर (रेटिनोब्लास्टोमा), आंख का कैंसर ( यूवियल मेलानोमा), आंख की झिल्ली का कैंसर (कंजक्टाइवल कैंसर) और पलकों के कैंसर जैसे जटिल रोगों का अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अब नेत्र रोगियों को इन सेवाओं का लाभ राज्य में ही मिलेगा और इसके लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब