सावधि जमा धोखाधड़ी: ईडी ने हरियाणा, पंजाब में 10 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की
सावधि जमा धोखाधड़ी: ईडी ने हरियाणा, पंजाब में 10 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने हरियाणा के कोटक महिंद्रा बैंक की एक शाखा में जमा पंचकूला नगर निगम की सावधि जमा राशि में कथित तौर पर 145 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है।
बुधवार को की गई छापेमारी में चंडीगढ़ और पंचकूला (हरियाणा) में एक दर्जन स्थानों के अलावा पंजाब के जीरकपुर, डेरा बस्सी और राजपुरा (पटियाला जिला) में भी छापेमारी की गई।
धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत दायर किया गया ईडी का मामला, पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में पंचकूला नगर निगम की 145 करोड़ रुपये की सावधि जमा राशि के गबन के आरोपों पर हरियाणा सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) द्वारा मार्च में दर्ज की गई प्राथमिकी से संबंधित है।
कोटक महिंद्रा बैंक के पूर्व उप उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, उक्त शाखा के पूर्व ग्राहक संबंध प्रबंधक दिलीप कुमार राघव, विकास कौशिक, नगर निगम के पूर्व वरिष्ठ लेखा अधिकारी और कुछ अन्य लोगों के परिसरों की तलाशी ली गई।
ईडी ने एक बयान में कहा कि छापेमारी के दौरान उसने “आपत्तिजनक” दस्तावेज जब्त किए।
इस जांच के तहत सिंह, राघव और चार अन्य लोगों को हरियाणा एसीबी ने गिरफ्तार किया।
ईडी ने कहा कि उसे नगर निगम और बैंक अधिकारियों के साथ-साथ कुछ निजी व्यक्तियों का एक करीबी “आपराधिक गठजोड़” मिला है, जिन्होंने सरकारी धन की हेराफेरी करने की साजिश रची थी।
भाषा
प्रशांत माधव
माधव

Facebook


