झारखंड के पलामू में रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से चार लोग घायल
झारखंड के पलामू में रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से चार लोग घायल
मेदिनीनगर, 15 मार्च (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में रविवार को एक इमारत में एलपीजी सिलेंडर फटने से आग लग गई, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना पलामू के टाउन थानांतर्गत बैरिया चौक पर हुई, जहां इमारत के भूतल पर कथित तौर पर लगभग 50 से 60 एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से रखे गए थे।
मेदिनीनगर के अनुमंडल अधिकारी (एसडीपीओ) राजीव रंजन ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘विस्फोट में 20 से 30 वर्ष की आयु के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। उन सभी को इलाज के लिए मेदिनीराई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। घटनास्थल पर दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं और आग पर काबू पा लिया गया है।’’
एसडीपीओ ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि ये एलपीजी सिलेंडर इमारत के भूतल पर अवैध रूप से रखे गए थे। विस्फोट का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। हमने मामले की जांच शुरू कर दी है।’’
वहीं, एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों की पहचान धर्मेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, विक्रम सिंह और आलोक कुमार के रूप में हुई है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


