शिमला में एचआरटीसी चालक पर हमला करने के आरोप में हरियाणा के चार पर्यटक गिरफ्तार

Ads

शिमला में एचआरटीसी चालक पर हमला करने के आरोप में हरियाणा के चार पर्यटक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 09:21 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 09:21 PM IST

शिमला, 24 मई (भाषा) हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) के एक चालक पर हमला करने के आरोप में रविवार को हरियाणा के चार पर्यटकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हमले में घायल चालक की पहचान राजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपियों की पहचान हरियाणा के पंचकूला जिले के अभयपुर गांव निवासी प्रतिभा, विक्की कुमार, विकास कुमार और पंकज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब दिल्ली से रोहड़ू की ओर आ रही एचआरटीसी की एक वोल्वो बस शिमला के कच्ची घाटी क्षेत्र के पास हरियाणा के पंजीकरण संख्या वाले दो वाहनों से आगे निकल गई।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद एक वाहन ने बस से आगे निकलकर उसका रास्ता रोक दिया, जबकि दूसरे वाहन में यात्रा कर रहे एक अन्य पर्यटक ने बस चालक को सड़क पर खींच लिया।

पुलिस ने कहा कि इसके बाद चारों आरोपियों ने बस चालक पर हमला किया, जिससे उसके सिर में चोटें आईं।

इसने बताया कि इसी दौरान बस के परिचालक ने ‘हैंड ब्रेक’ का इस्तेमाल करके बस को रोक दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अधिकारियों के अनुसार, बोइलेउगंज से पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पंकज व विकास कुमार नामक दो आरोपियों को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। बाद में, पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को शिमला से लगभग 30 किलोमीटर दूर थियोग से पकड़ा।

घटना से गुस्साए एचआरटीसी चालकों ने शिमला में विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल