गुरुग्राम, 24 मई (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार सुबह खांडसा मंडी में वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद फल व्यापारी की कथित तौर पर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी व्यक्ति को फल व्यापारी पर कई बार धारदार हथियार से वार करते हुए और फिर मौके से भागते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस के मुताबिक, फल व्यापारी भारत भूषण (55) रविवार सुबह फलों से लदा ट्रक लेकर खांडसा मंडी पहुंचे थे और उन्होंने वाहन अपनी दुकान के सामने खड़ा किया था।
इस पर पास की एक दुकान से अनार का व्यापार करने वाले जय भगवान ने भारत भूषण से ट्रक हटाने को कहा।
इससे दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही एक हिंसक झड़प में बदल गई और आसपास के व्यापारी भी वहां जमा हो गए।
पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान, जय भगवान कथित तौर पर दुकान के अंदर गया, एक कुल्हाड़ी निकाली और भरत भूषण के पेट और सीने में बार-बार वार किए।
भूषण को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिवाजी नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत शफीक
शफीक