गोवा विधानसभा में एसटी कोटा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सावंत ने दिल्ली में शाह से की मुलाकात
गोवा विधानसभा में एसटी कोटा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सावंत ने दिल्ली में शाह से की मुलाकात
पणजी, सात जून (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को राज्य विधानसभा में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए सीट आरक्षित करने के मुद्दे पर नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
सावंत के साथ केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक, विधानसभा अध्यक्ष गणेश गांवकर, राज्य कला एवं संस्कृति मंत्री रमेश तावडकर, गोवा भाजपा अध्यक्ष दामोदर नाइक और विधायक गोविंद गौड़े भी थे।
सावंत ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘गोवा विधानसभा में अनुसूचित जनजाति आरक्षण के कार्यान्वयन पर चर्चा करने के लिए आज नयी दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की।’’
उन्होंने ‘सकारात्मक आश्वासन और इस महत्वपूर्ण मामले में कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने में पूर्ण सहयोग’ के लिए शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।
संसद ने ‘गोवा विधानसभा में अनुसूचित जनजाति के प्रतिनिधित्व का पुनर्व्यवस्थापन विधेयक 2024’ को पारित कर दिया है।
राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा के दौरान, सावंत ने गोवा स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में भर्ती संबंधी चिंताओं पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की।
उन्होंने रेल मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली प्रमुख परियोजनाओं पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


