मादक पदार्थ तस्करों पर लगाम लगा उन्हें सजा दिला रही है सरकार : अमित शाह
मादक पदार्थ तस्करों पर लगाम लगा उन्हें सजा दिला रही है सरकार : अमित शाह
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार मादक पदार्थों के गिरोहों का निर्दयतापूर्वक खात्मा कर रही है और उन्होंने 2026 की पहली तिमाही में 73 अपराधियों के खिलाफ दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के लिए स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की प्रशंसा की।
महत्वपूर्ण दोषसिद्धि में से एक मामला 2021 में अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 2.75 किलोग्राम हेरोइन और 2022 में भारत-पाकिस्तान सीमा पर फाजिल्का (पंजाब) में 4.23 किलोग्राम हेरोइन की जब्ती से संबंधित है।
गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि इन मामलों में दो विदेशी तस्करों को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “युवाओं को नशे के प्रकोप से बचाने के लिए, मोदी सरकार मादक पदार्थ तस्करी गिरोहों का सख्ती से पर्दाफाश कर रही है और दोषियों को सजा दिलाना भी सुनिश्चित कर रही है।”
गृह मंत्री ने कहा, “इस अभियान के तहत, एनसीबी ने 2026 के पहले तीन महीनों में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में 73 अपराधियों को कड़ी सजा दिलवाकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। हम पूरी ताकत से मादक पदार्थों के गिरोहों के खात्मे के लिए कोई भी गुंजाइश न छोड़ने के वास्ते दृढ़ संकल्पित हैं। इस उपलब्धि के लिए एनसीबी को बधाई।”
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एनसीबी ने इस वर्ष के पहले तीन महीनों में 35 मामलों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े 73 अपराधियों को दोषी ठहराया है। इनमें से चार को अधिकतम 20 वर्ष की सजा सुनाई गई, जबकि 54 को 10 वर्ष या उससे अधिक की सजा मिली।
बयान में कहा गया है कि दोषियों पर कुल 1.22 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


