ग्रेटर नोएडा: ऊंची इमारत से प्लास्टर गिरने से व्यक्ति की मौत, निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया
ग्रेटर नोएडा: ऊंची इमारत से प्लास्टर गिरने से व्यक्ति की मौत, निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया
नोएडा, सात जून (भाषा) ग्रेटर नोएडा में एक ऊंची इमारत से प्लास्टर का एक टुकड़ा गिरने से बाइक सवार 46 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार को बिसरख थाना क्षेत्र में आने वाली ‘अरिहंत अंबर’ सोसाइटी में हुई।
पुलिस ने बताया कि विकास चावला अपनी मोटरसाइकिल से सोसाइटी परिसर से निकल रहे थे कि तभी इमारत से प्लास्टर का एक बड़ा टुकड़ा उन पर गिर गया। बिसरख थाने के एक अधिकारी ने बताया, “प्लास्टर गिरने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह मोटरसाइकिल से गिर गये। उनका सिर दीवार के किनारे से टकराया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और कार्रवाई जारी है।
निवासियों के अनुसार, चावला घरेलू सामान खरीदने बाजार जा रहे थे तभी यह घटना घटी।
चावला के परिवार में उनकी पत्नी, बच्चे और माता-पिता हैं।
घटना के बाद कई निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि सोसाइटी की दीवारों और बालकनियों से प्लास्टर गिरने की घटनाएं पहले भी हुई थीं। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई।
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


