गुजरात: भाजपा को राज्यसभा की चारों सीटों पर जीत का भरोसा

गुजरात: भाजपा को राज्यसभा की चारों सीटों पर जीत का भरोसा

गुजरात: भाजपा को राज्यसभा की चारों सीटों पर जीत का भरोसा
Modified Date: June 4, 2026 / 10:41 pm IST
Published Date: June 4, 2026 10:41 pm IST

अहमदाबाद, चार जून (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को गुजरात से अपने चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी।

राज्य विधानसभा में पार्टी के भारी बहुमत को देखते हुए भाजपा का सभी सीटों पर आसानी से जीतना तय है।

भाजपा ने राज्य से राज्यसभा चुनाव के लिए राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र कंजारिया को उम्मीदवार बनाया है।

मेहसाणा जिले के निवासी राजूभाई शुक्ला (62) वर्तमान में भाजपा की सुरेंद्रनगर जिला इकाई के प्रभारी हैं। वह इससे पहले कडी नगरपालिका के अध्यक्ष और महेसाणा जिला भाजपा के महासचिव रह चुके हैं।

वहीं, आदिवासी नेता मुकेशभाई राठवा (39) वर्तमान में भाजपा की छोटाउदेपुर जिला इकाई के महासचिव हैं। वह पहले पार्टी की युवा शाखा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

गिर सोमनाथ जिले के ओबीसी नेता मानसिंह परमार (45) वर्तमान में भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

देवभूमि द्वारका जिले के रहने वाले जितेंद्र कंजारिया (39) भी ओबीसी समुदाय से आते हैं और वह इससे पहले जिला पंचायत की कार्यकारी समिति के सदस्य रह चुके हैं।

गुजरात की इन चार राज्यसभा सीटों पर चुनाव इसलिए जरूरी हो गए हैं क्योंकि राज्यसभा सदस्य रामभाई मोकारिया, नरहरि अमीन, शक्तिसिंह गोहिल और रमीलाबेन बारा का छह साल का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।

गोहिल गुजरात से उच्च सदन में कांग्रेस के एकमात्र सदस्य हैं, जबकि शेष तीन सदस्य भाजपा से हैं।

गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 161 विधायक हैं और पार्टी को 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में चारों सीट पर जीत का भरोसा है।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में