गुरुग्राम: अस्पताल में एक करोड़ रुपये की बीमा धोखाधड़ी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

गुरुग्राम: अस्पताल में एक करोड़ रुपये की बीमा धोखाधड़ी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

गुरुग्राम: अस्पताल में एक करोड़ रुपये की बीमा धोखाधड़ी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
Modified Date: February 19, 2026 / 08:36 pm IST
Published Date: February 19, 2026 8:36 pm IST

गुरुग्राम, 19 फरवरी (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने बृहस्पतिवार को न्यू पालम विहार इलाके में एक निजी अस्पताल के तीन कर्मचारियों को फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी बीमा दावे दाखिल करने के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने ‘गैलेक्सी वन’ अस्पताल में संयुक्त छापेमारी के बाद ये गिरफ्तारियां कीं।

अधिकारियों ने तलाशी अभियान के दौरान 25 से अधिक बीमा कंपनियों से जुड़े 60 फर्जी बीमा दावे की फाइलें जब्त कीं।

अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेजों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।

उन्होंने बताया कि दयानंद कॉलोनी स्थित ‘लैब्सवेल’ नाम की प्रयोगशाला पर भी छापेमारी की गयी, जहां टीमों ने अतिरिक्त जाली प्रयोगशाला रिपोर्ट और दस्तावेज बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों की पहचान राजस्थान के खैरथल निवासी गौरव, पालम विहार निवासी सपना और वर्षा के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल के कर्मचारियों ने लाभार्थियों के साथ मिलीभगत कर जाली मेडिकल रिकॉर्ड, फार्मेसी बिल और इन-पेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) में भर्ती के दस्तावेज तैयार किए।

उन्होंने बताया कि इन बीमा दावों से प्राप्त धन को बाद में अस्पताल के अधिकारियों और मिलीभगत करने वाले लाभार्थियों के बीच बांट दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों कर्मचारी फर्जी बिलों को तैयार करने में सीधे तौर पर शामिल थे और उनके पास से कई फर्जी दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (पश्चिम) अभिलक्ष जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री उडन दस्ते ने मई 2025 में भी इसी तरह की अनियमितताओं की जांच के लिए अस्पताल पर छापा मारा था और छापेमारी के दौरान एक चिकित्सक के पास एमडी की डिग्री न होने के बावजूद ‘एमडीएमए’ के दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा था।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में आईपीडी रजिस्टर में कई व्यक्तियों के नाम दर्ज किए गए थे ताकि झूठे दावे किए जा सकें।

जोशी ने बताया, “14 फरवरी को बाजघेरा थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों, साइबर विशेषज्ञों और औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने बुधवार को अस्पताल में छापेमारी की। हमने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ कर रहे हैं।”

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में