लगता है कि होसबाले की अमेरिका यात्रा का उन पर और आरएसएस पर असर हुआ है: कांग्रेस
लगता है कि होसबाले की अमेरिका यात्रा का उन पर और आरएसएस पर असर हुआ है: कांग्रेस
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले द्वारा पाकिस्तान के संदर्भ में की गई टिप्पणी को लेकर बुधवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि उनकी हालिया अमेरिका यात्रा का उन पर और आरएसएस दोनों पर असर हुआ है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ होसबाले के साक्षात्कार के ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए कहा, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि होसबाले की हालिया अमेरिकी यात्रा ने उन पर और साथ ही आरएसएस पर भी प्रभाव डाला है। ज़रा कल्पना करें कि विभिन्न टीवी चैनलों सहित भक्त ब्रिगेड कैसे आसमान सिर पर उठा चुके होते, अगर…।’
रमेश के अनुसार, इस अमेरिका यात्रा के दौरान होसबाले के एक सहयोगी (राम माधव) ने स्वीकार किया था कि प्रधानमंत्री ने वही किया जो अमेरिका उनसे कराना चाहता था।
भारत में पाकिस्तान के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व पर विश्वास न के बराबर होने का उल्लेख करते हुए आरएसएस के शीर्ष पदाधिकारी दत्तात्रेय होसबाले ने मंगलवार को कहा कि गतिरोध को तोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम लोगों के बीच आपसी संपर्क है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह (महासचिव) होसबाले ने ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘अब इस कोशिश को और अधिक बढ़ाया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यही एक उम्मीद है, क्योंकि मेरा दृढ़ विश्वास है कि अंततः नागरिक समाज के रिश्ते ही काम आएंगे… क्योंकि हमारे बीच सांस्कृतिक संबंध हैं और हम कभी एक राष्ट्र रहे हैं।’’
भाषा हक यासिर मनीषा
मनीषा

Facebook


