हैदराबाद, 24 मई (भाषा) एक वकील की यहां उसके आवास के बाहर कथित तौर पर कार (एसयूवी) से कुचलकर हत्या करने के मामले की जांच के लिए कई विशेष टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ वकील खजा मोइज़ुद्दीन (63) की शनिवार को एसयूवी सवार अज्ञात हमलावरों द्वारा कथित तौर पर कुचले जाने के बाद मौत हो गई थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। हम जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान कई लोगों से पूछताछ की जा रही है, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं जिनके नाम शिकायत में उल्लिखित हैं।”
अधिकारी ने बताया कि कई विशेष टीम सीसीटीवी फुटेज और कॉल डेटा रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही हैं।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने वाहन मालिक की पहचान कर ली है, लेकिन वाहन किसी अन्य व्यक्ति को बेचे जाने की खबरों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
इससे पहले, पुलिस ने बताया कि यहां मसाब टैंक स्थित घर के सामने पीड़ित अपनी कार में बैठने ही वाले थे कि बिना नंबर प्लेट वाली एक अन्य कार (एसयूवी) ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने कहा कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ित के बेटे ने बताया कि उनके पिता कुछ लोगों द्वारा वक्फ संपत्तियों पर अतिक्रमण और कब्जे के खिलाफ लड़ रहे थे। बेटे का आरोप है कि घटना के पीछे इन लोगों का ही हाथ है।
बेटे ने बताया कि इससे पहले भी उनके पिता पर पांच बार जानलेवा हमले किए जा चुके हैं।
भाषा संतोष गोला
गोला