पाकिस्तानी एजेंट के मोहपाश में फंसकर सैन्य जानकारी साझा करने के आरोप में वायुसेना अधिकारी गिरफ्तार

पाकिस्तानी एजेंट के मोहपाश में फंसकर सैन्य जानकारी साझा करने के आरोप में वायुसेना अधिकारी गिरफ्तार

पाकिस्तानी एजेंट के मोहपाश में फंसकर सैन्य जानकारी साझा करने के आरोप में वायुसेना अधिकारी गिरफ्तार
Modified Date: August 8, 2026 / 03:07 pm IST
Published Date: August 8, 2026 3:07 pm IST

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के एक सेवारत अधिकारी को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एजेंट के मोहपाश (हनी ट्रैप) में फंसने के बाद कथित तौर पर सैन्य जानकारी साझा करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी और कहा कि भारतीय वायुसेना की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि पाकिस्तानी महिला एजेंट ने आरोपी अधिकारी को सोशल मीडिया के जरिये अपने जाल में फंसाया था।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि अधिकारी के खिलाफ शासकीय गोपनीयता अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे 30 मई को गिरफ्तार किया गया तथा जांच पूरी होने के बाद 30 जुलाई को सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया।

बयान में कहा गया, ‘‘भारतीय वायुसेना के प्राधिकारियों की शिकायत के आधार पर वायुसेना के एक सेवारत अधिकारी को एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के मोहपाश में फंसने के आरोप में 30 मई को गिरफ्तार किया गया था।’’

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अधिकारी ने कथित तौर पर सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा की थी।

यह जांच जासूसी के एक संदिग्ध नेटवर्क से जुड़ी है, जिसमें आरोपी अधिकारी से सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला ने कथित तौर पर संपर्क किया था।

सूत्रों के अनुसार, महिला ने अधिकारी से संपर्क स्थापित करने के बाद वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल माध्यमों से उससे बातचीत की।

उन्होंने बताया कि संदेह है कि महिला पाकिस्तान में मौजूद खुफिया एजेंटों के निर्देश पर काम कर रही थी।

भाषा सिम्मी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में