(तस्वीरों के साथ जारी)
नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उच्चस्तरीय वार्ता के बाद रविवार को कहा कि भारत और अमेरिका के संबंधों की गति धीमी नहीं पड़ी है।
इस समय राष्ट्रीय राजधानी में मौजूद रूबियो ने कहा, ‘‘भारत एवं अमेरिका के संबंधों की गति धीमी नहीं पड़ी है… भारत और अमेरिका के संबंध आगामी वर्षों में और मजबूत होकर उभरेंगे।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच काफी समय से लंबित व्यापार समझौता जल्द ही मूर्त रूप ले लेगा। रूबियो ने यह भी कहा कि लगभग सभी प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर दोनों पक्ष ‘‘रणनीतिक रूप से एकमत’’ हैं।
जयशंकर ने बैठक के बाद कहा कि भारत ‘‘निर्बाध’’ समुद्री व्यापार का पक्षधर है। बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जयशंकर ने कहा, ‘‘हमने पश्चिम एशिया, भारतीय उपमहाद्वीप और पूर्वी एशिया की स्थिति पर चर्चा की।’’
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि उन्होंने अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ असैन्य परमाणु सहयोग पर भी बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने और विदेश मंत्री रूबियो ने ऊर्जा क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच हालिया सहयोग का स्वागत किया।’’
भाषा
सिम्मी सुरेश
सुरेश