मंगलुरु में अंतरराज्यीय सेंधमारी गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
मंगलुरु में अंतरराज्यीय सेंधमारी गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
मंगलुरु (कर्नाटक), नौ जून (भाषा) दक्षिण कन्नड़ जिले में चोरी के कई मामलों में वांछित अंतरराज्यीय सेंधमारी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि दोनों आरोपियों से चोरी की करीब 23.67 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि इस वर्ष पांच अप्रैल को एक घर से आभूषण और नकदी की चोरी के बाद बेलथांगडी तालुक के पंजालकट्टे पुलिस थाना में दर्ज सेंधमारी के एक मामले में जांच के दौरान ये गिरफ्तारियां की गईं।
पुलिस ने पहले 15 मई को हामिद को गिरफ्तार किया जो बंतवाल तालुक में कोलनाडु का निवासी है और वह कासरगोड में रह रहा था। चोरी में कथित तौर पर उपयोग की गई एक कार भी जब्त की गई और आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया गया।
आरोपी से पूछताछ के आधार पर जबीर उर्फ जबी (38) को सात जून को गिरफ्तार किया गया। वह भी कोलनाडु का निवासी है और वर्तमान में कासरगोड में रह रहा था।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने पंजालकट्टे सेंधमारी मामले में 68.69 ग्राम सोने के आभूषण और दो लाख रुपये बरामद किए। साथ ही पुलिस ने 2025 में उप्पिनांगडी पुलिस थाना में दर्ज चोरी के एक मामले में भी 21.810 ग्राम स्वर्ण आभूषण बरामद किया। बरामद की गई संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 23.67 लाख रुपये है।
जबीर को अदालत के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जांचकर्ताओं ने पाया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर चोरी के पांच मामलों में संलिप्त थे।
भाषा सं राजेंद्र धीरज
धीरज

Facebook


