कराची हमला : भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज किया
कराची हमला : भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज किया
नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) भारत ने रविवार को कराची में एक सैन्य अड्डे पर हुए हमले में नयी दिल्ली का हाथ होने के पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि पड़ोसी देश को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए तथा अपनी धरती पर आतंकी ढांचे के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने शनिवार रात कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर आतंकी हमले को विफल करते हुए छह आतंकवादियों को मार गिराया और एक घायल हमलावर को जीवित पकड़ लिया। इस हमले में अर्द्धसैनिक बल के चार जवानों की भी मौत हो गई।
पाकिस्तान सरकार के कुछ मंत्रियों ने हमले में भारत का हाथ होने का आरोप लगाया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘हमने कराची में हालिया घटना के संबंध में भारत के खिलाफ निराधार आरोप लगाने वाली पाकिस्तानी रिपोर्ट देखी हैं।’’
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम इन आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज करते हैं। दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय, पाकिस्तान को अपने अंदर झांकना चाहिए, अपने क्षेत्र में आतंकी ढांचे के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए और सरकार प्रायोजित आतंकवाद पर भरोसा करने की अपनी प्रवृत्ति से छुटकारा पाना चाहिए।’’
जायसवाल मीडिया के एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने हमले की कड़ी निंदा की है और बिना सबूत इस हमले में भारतीय हाथ होने का आरोप लगाया है।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश

Facebook


