कर्नाटक: कांग्रेस ने उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले सिलेंडरों में कटौती पर केंद्र की आलोचना की

Ads

कर्नाटक: कांग्रेस ने उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले सिलेंडरों में कटौती पर केंद्र की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 09:32 PM IST

बेंगलुरु, नौ जून (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव एवं कर्नाटक मामलों के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की संख्या घटाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि इस कदम से अकेले कर्नाटक की महिलाओं पर सालाना करीब 900 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

सरकार ने ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ (पीएमयूवाई) के तहत सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की वार्षिक सीमा नौ से घटाकर चार कर दी है। वर्ष 2016 में शुरू हुई इस योजना के तहत पहले लाभार्थियों को साल में 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडर सब्सिडी पर मिलते थे लेकिन पिछले साल सब्सिडी वाले सिलेंडर की संख्या घटाकर नौ कर गई थी तथा इसे अब और भी घटाकर चार कर दिया गया है।

सुरजेवाला ने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘इस फैसले से केंद्र सरकार ने गरीब महिलाओं से हर साल प्रभावी रूप से सब्सिडी वाले आठ सिलेंडर छीन लिए हैं। इसके परिणामस्वरूप प्रत्येक लाभार्थी परिवार को सालाना 2,400 रुपये का नुकसान होगा।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने इसे ‘‘जन-विरोधी’’ फैसला बताते हुए दावा किया कि इससे देशभर की महिलाओं पर हर साल 24,792 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

सुरजेवाला ने कहा कि इस फैसले के कारण कई महिलाओं को लकड़ी और पारंपरिक चूल्हों के इस्तेमाल की ओर फिर से लौटना पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अकेले कर्नाटक में उज्ज्वला योजना के 37.5 लाख लाभार्थी हैं और इस कदम से राज्य की महिलाओं पर सालाना 900 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।’’

भाषा सिम्मी पवनेश

पवनेश

शीर्ष 5 समाचार

ताजा खबर