कर्नाटक: केरल के सोना कारोबारी से मंगलुरु में 20 लाख रुपये की लूट

कर्नाटक: केरल के सोना कारोबारी से मंगलुरु में 20 लाख रुपये की लूट

कर्नाटक: केरल के सोना कारोबारी से मंगलुरु में 20 लाख रुपये की लूट
Modified Date: June 29, 2026 / 06:02 pm IST
Published Date: June 29, 2026 6:02 pm IST

मंगलुरु, 29 जून (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु के बाहरी इलाके में बदमाशों के एक गिरोह ने सोमवार तड़के केरल के एक सोना कारोबारी से करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सोना और नकदी कथित तौर पर लूट ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब चार बजे पनंबुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर बैकमपाडी के पास हुई।

पुलिस ने बताया कि इस दौरान गिरोह ने व्यापारी की पत्नी और बच्चे का कुछ समय के लिए कथित तौर पर बंधक भी बना लिया था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, केरल के पय्यनूर निवासी विकास महाराष्ट्र के सांगली में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने परिवार के साथ लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि वह कार में सवार होकर उडुपी से मंगलुरु की ओर जा रहे थे कि तभी दो ‘एसयूवी’ कारों में सवार गिरोह ने बैकमपाडी गेट के पास उनकी कार को रोक लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों ने विकास को कार से बाहर निकाल दिया और उनकी पत्नी व बच्चे समेत कार लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बाद में कुल्लूर के पास विकास की पत्नी और बच्चे को कार से उतार दिया तथा वाहन लेकर चले गए, जिसमें करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सोना और नकदी रखी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में