कर्नाटक: व्यवसायी से वसूली के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

कर्नाटक: व्यवसायी से वसूली के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

कर्नाटक: व्यवसायी से वसूली के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: June 9, 2026 / 03:12 pm IST
Published Date: June 9, 2026 3:12 pm IST

मंगलुरु, नौ जून (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु में एक कारोबारी को उसकी अश्लील तस्वीरें व वीडियो सार्वजनिक करने और उसे आत्महत्या के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे 2.77 करोड़ रुपये वसूलने के मामले में कांग्रेस के एक नेता समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जून 2024 में जितेश नाम के व्यक्ति ने उससे संपर्क किया, उसकी अश्लील तस्वीरें व वीडियो होने का दावा किया और इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देते हुए रुपये की मांग की।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसने शुरू में चेक के माध्यम से 20 लाख रुपये उसे दे दिये।

प्राथमिकी में बताया गया कि एक अन्य आरोपी निजाम उर्फ ​​इब्राहिम ने बाद में शिकायतकर्ता को बताया कि जितेश ने आत्महत्या कर ली है और एक सुसाइड नोट में उसका नाम लिखा है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि निजाम ने उसे आपराधिक मामला दर्ज कराने और जेल भेजने की कथित तौर पर धमकी भी दी।

निजाम कांग्रेस का नेता है। शिकायतकर्ता ने कानूनी कार्रवाई और अपनी प्रतिष्ठा को होने वाले नुकसान के डर से जून 2024 से जनवरी 2026 के बीच निजाम को 2.57 करोड़ रुपये का कथित तौर पर भुगतान किया।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बाद में जितेश को मंगलुरु में जीवित देखा और उसके बाद इस साल एक जून को उसे फिर से धमकियां मिलीं तथा उससे 10 लाख रुपये की मांग की गई।

शिकायत के आधार पर, उर्वा थाने में आपराधिक धमकी और जबरन वसूली का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी।

मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने निजाम को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में