प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कश्मीर शांति और स्थिरता के नए युग का गवाह: रक्षा राज्य मंत्री सेठ
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कश्मीर शांति और स्थिरता के नए युग का गवाह: रक्षा राज्य मंत्री सेठ
श्रीनगर, नौ जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों की बढ़ती संख्या और फिल्म निर्माण के पुनरुद्धार का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर शांति, स्थिरता और विकास का गवाह बन रहा है।
पुलवामा जिले में ‘अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान’ (एम्स) अवंतीपोरा परियोजना की समीक्षा करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘पिछले साल 2.41 करोड़ पर्यटक जम्मू-कश्मीर आए थे, जबकि इस साल अब तक 1.77 करोड़ पर्यटक यहां का दौरा कर चुके हैं।’
उन्होंने यह भी कहा कि पहले अधिकतर फिल्मों की शूटिंग कश्मीर में होती थी, लेकिन (1980 के दशक के उत्तरार्ध में अशांति के बाद) इस संख्या में गिरावट आई।
उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा, ‘लेकिन अब, इसमें फिर से उछाल आया है।’
सेठ ने बताया कि पिछले साल घाटी में 400 फिल्मों की शूटिंग की गई थी।
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा, ‘प्रधानमंत्री हमेशा कश्मीर और पूर्वोत्तर का दौरा करने पर जोर देते हैं। हमारा भारत एक है, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक।’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह 1970 के दशक से लगातार कश्मीर का दौरा कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया, ‘उस दौर के कश्मीर और आज के कश्मीर में बहुत बड़ा अंतर है। यहां बहुत बड़े पैमाने पर विकास हुआ है और इस मामले में पिछले 12 वर्ष अतुलनीय रहे हैं।’
सेठ ने कहा कि हाल के वर्षों में क्रिकेट बल्ला उद्योग भी खूब फला-फूला है, क्योंकि भारत ने कश्मीर से ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और सऊदी अरब जैसे देशों को 30 लाख बल्ले निर्यात किए हैं।
मंत्री ने अवंतीपोरा एम्स परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि कश्मीर के लोगों को प्रधानमंत्री का यह सबसे बड़ा तोहफा है।
उन्होंने कहा, ‘अब लोगों को इलाज के लिए दिल्ली और चंडीगढ़ जाने की आवश्यकता नहीं होगी। कश्मीर और श्रीनगर के लिए यह एम्स अस्पताल सबसे बड़ा उपहार है।’
भाषा
सुमित माधव
माधव

Facebook


