केरल विधानसभा चुनाव: माकपा ने 81 उम्मीदवारों की घोषणा की, मुख्यमंत्री विजयन और 11 मंत्री मैदान में
केरल विधानसभा चुनाव: माकपा ने 81 उम्मीदवारों की घोषणा की, मुख्यमंत्री विजयन और 11 मंत्री मैदान में
तिरुवनंतपुरम, 15 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और उनके मंत्रिमंडल के 11 सहयोगी सत्तारूढ़ माकपा द्वारा रविवार को घोषित किए गए राज्य में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के 81 उम्मीदवारों में शामिल हैं।
नयी दिल्ली में निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के तुरंत बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सूची जारी की।
उन्होंने कहा कि घोषित 81 उम्मीदवारों में से छह पार्टी समर्थित निर्दलीय हैं। पांच निर्वाचन क्षेत्रों (कोडुवल्ली, कोट्टक्कल, कोंडोट्टी, तिरुर और पलक्कड़) के लिए स्वतंत्र उम्मीदवारों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 56 मौजूदा विधायक चुनाव मैदान में हैं और मुख्यमंत्री विजयन के अलावा 11 मंत्री भी उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं।
गोविंदन ने कहा कि विजयन माकपा पोलित ब्यूरो के एकमात्र सदस्य हैं जो चुनाव लड़ रहे हैं।
हालांकि ए एन शमसीर (वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष) और एम एम मणि (इडुक्की जिले के पार्टी के एक अनुभवी नेता हैं) सूची में जगह पाने में असफल रहे।
विजयन उत्तरी कन्नूर जिले के अपने मौजूदा विधानसभा क्षेत्र धर्मदम से चुनाव लड़ेंगे। वहीं वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के. के. शैलजा कन्नूर के परवूर निर्वाचन क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमाएंगी।
विजयन के अलावा चुनाव लड़ रहे मंत्रियों में ओ आर केलू (मनंथावाडी), पी ए मोहम्मद रियास (बेपोर), वी अब्दुरहिमान (तनूर), एमबी राजेश (थ्रिथला), आर बिंदू (इरिंजलाकुडा), पी राजीव (कालामस्सेरी), वी एन वासवन (एट्टुमानूर), साजी चेरियन (चेंगन्नूर), वीना जॉर्ज (अरनमुला), के एन बालगोपाल (कोट्टाराक्करा) और वी. शिवनकुट्टी (नेमोम) शामिल हैं।
माकपा द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची में 10 महिला उम्मीदवार हैं। उनमें के के शैलजा, पी के श्यामला, के संथाकुमारी, आर बिंदू, एमबी शाइनी, पुष्पा दास, डालिमा जोजो, यू प्रतिभा, वीना जॉर्ज और ओ एस अंबिका शामिल हैं।
इनमें से दो मंत्री और एक पूर्व मंत्री हैं। तालिपारम्बा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही श्यामला, गोविंदन की पत्नी हैं।
गोविंदन ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने सभी क्षेत्रों में जनहितैषी कल्याण और विकास सुनिश्चित किया है और पिछले दस साल में कई ऐसी परियोजनाओं को लागू किया गया है जिन्हें कभी असंभव माना जाता था।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछला 10 साल राज्य में सांप्रदायिकता और संघर्षों से मुक्त रहा।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन लोकतांत्रिक तरीके से किया गया।
पार्टी ने पुडुचेरी के माहे निर्वाचन क्षेत्र से अपने उम्मीदवार टी अशोक कुमार (स्वतंत्र) की भी घोषणा की है। यहां नौ अप्रैल को मतदान होगा।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


