तमिलनाडु में बड़ी संख्या में कौवों की मौत, राज्य में हाईअलर्ट
तमिलनाडु में बड़ी संख्या में कौवों की मौत, राज्य में हाईअलर्ट
चेन्नई, छह फरवरी (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में कौवों की मौत होने की सूचना सामने आने के बाद शुक्रवार को हाईअलर्ट जारी किया। इस घटना से एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) के संभावित प्रकोप को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य भर में कुक्कुट पालकों और जंगली पक्षियों से जुड़े लोगों के लिए कड़े एहतियाती उपाय अनिवार्य करते हुए एक विस्तृत परामर्श जारी किया है।
जन स्वास्थ्य निदेशक डॉ. ए. सोमसुंदरम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि जन स्वास्थ्य और रोग रोकथाम निदेशालय (डीपीएच) ने भी एक अलग सूचना जारी की है, जिसमें आम जनता से सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु में एवियन फ्लू की मौजूदगी को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी परिपत्र के आधार पर हमने यह परामर्श जारी किया है।’’
डीपीएच ने लोगों को सलाह दी है कि यदि उन्हें खांसी, जुकाम, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे फ्लू के लक्षण दिखाई दें, तो वे तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
भाषा अमित शफीक
शफीक

Facebook


