अयोध्या में ‘कचरे से कला’ थीम पर बनेगा भव्य लव-कुश उद्यान

अयोध्या में ‘कचरे से कला’ थीम पर बनेगा भव्य लव-कुश उद्यान

अयोध्या में ‘कचरे से कला’ थीम पर बनेगा भव्य लव-कुश उद्यान
Modified Date: May 24, 2026 / 10:53 pm IST
Published Date: May 24, 2026 10:53 pm IST

अयोध्या, 24 मई (भाषा) अयोध्या में पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को नयी ऊंचाई देने के लिए एक अनूठी पहल के तहत लव-कुश उद्यान का निर्माण किया जाएगा।

राज्य सरकार द्वारा रविवार को जारी एक बयान के मुताबिक राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत रायबरेली राजमार्ग पर स्थित मऊशिवाला एमआरएफ सेंटर के समीप 17.72 करोड़ रुपये की लागत से लव-कुश उद्यान का निर्माण किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि यह उद्यान ‘कचरे से कला’ थीम पर आधारित होगा, जिसमें रामायण की पौराणिक कथाओं को धातु की मूर्तियों, कलात्मक चित्रों और संवादात्मक कृतियों के जरिए जीवंत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे इस पार्क का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सांस्कृतिक संरक्षण को एक साथ जोड़ना है।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि उद्यान विशेष रूप से भगवान राम के पुत्र लव और कुश की कहानियों पर केंद्रित होगा। उन्होंने कहा कि रामायण काल की इन लोकप्रिय कथाओं को आधुनिक कला के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी पौराणिक इतिहास से जुड़ सके।

कुमार ने बताया कि पहले से ही अयोध्या में मूलभूत ढांचे, स्वच्छता और पर्यटन सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है और लव-कुश उद्यान इस विकास की कड़ी को और मजबूत करेगा।

भाषा सलीम गोला

गोला


लेखक के बारे में