पुरी, 24 मई (भाषा) ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के प्रशासन ने भीषण गर्मी और ‘चंदन यात्रा’ (ग्रीष्मकालीन उत्सव) से जुड़े अनुष्ठानों को देखते हुए ‘रत्न भंडार’ में मूल्यवान वस्तुओं की सूची बनाने का काम जून तक के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरविंद पाधी ने संवाददाताओं को बताया कि हालांकि, मंदिर प्रशासन ने पहले 26, 28, 29 और 30 मई को चार और दिनों के लिए सूची बनाने का काम जारी रखने का फैसला किया था, लेकिन भीषण गर्मी और ‘चंदन यात्रा’ (ग्रीष्मकालीन उत्सव) से जुड़े अनुष्ठानों को देखते हुए अब यह काम जून तक के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
पाधी ने कहा, “हमें कोई जल्दी नहीं है। हमारा उद्देश्य भगवान के रत्न भंडार में मौजूद मूल्यवान वस्तुओं की त्रुटिहीन और पारदर्शी तरीके से सूची तैयार करना है।”
उन्होंने कहा कि ‘चंदन यात्रा’ और ‘स्नान पूर्णिमा’ पर्व के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से परिचालन संबंधी चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं, जिसके मद्देनजर सूची बनाने का काम टालने का फैसला लिया गया है।
भाषा पारुल गोला
गोला