ईरान युद्ध को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री ने संजय राउत पर साधा निशाना

ईरान युद्ध को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री ने संजय राउत पर साधा निशाना

ईरान युद्ध को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री ने संजय राउत पर साधा निशाना
Modified Date: March 2, 2026 / 06:55 pm IST
Published Date: March 2, 2026 6:55 pm IST

छत्रपति संभाजीनगर, दो मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने सोमवार को यह कहते हुए संजय राउत पर कटाक्ष किया कि शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य राउत को ईरान युद्ध के संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात करनी चाहिए।

राउत ने इससे पहले केंद्र सरकार पर निशाना साधा था तथा ‘मित्र’ ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत तथा युद्ध के संबंध में विदेश नीति पर सवाल उठाए थे।

राउत ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इजराइल यात्रा को ‘भारत की वैश्विक नीति के लिए एक झटका’ बताया था तथा खामेनेई की हत्या को इजराइल और अमेरिका की क्रूरता एवं दादागिरी करार दिया था।

शिरसाट ने यहां पत्रकारों से कहा कि राउत को प्रधानमंत्री मोदी को बदनाम करने का काम सौंपा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री मजबूत हैं। राउत को अंतरराष्ट्रीय मामलों से दूर रहना चाहिए। या फिर उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से युद्ध के संबंध में बात करनी चाहिए।’’

मंत्री ने अजित पवार के बेटे जय पवार द्वारा साझा किए गए उस वीडियो पर भी बात की, जो ‘वीएसआर वेंचर्स’ से संबंधित है। यह वही कंपनी है जो लेयरजेट 45 विमान का संचालन करती थी। यह विमान 28 जनवरी को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, फलस्वरूप राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के शीर्ष नेता अजित पवार की मौत हो गई थी।

जय पवार ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर क्लिप साझा करते हुए कहा, ‘‘हमने अपने पिता को खो दिया… यह दर्द जीवन भर हमारे साथ रहेगा। इस वीडियो में वीएसआर के मालिक रोहित सिंह उड़ान के दौरान मुख्य पायलट की सीट पर सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। विमान के आसमान में रहने के दौरान इस तरह की लापरवाही अस्वीकार्य है। यह बेहद गंभीर और चौंकाने वाला है।’’

शिरसाट ने कहा कि इस तरह पायलट की सीट पर सोना अस्वीकार्य है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की।

भाषा

राजकुमार अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में