खराब मौसम के कारण देरी से कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरा ममता बनर्जी का विमान

खराब मौसम के कारण देरी से कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरा ममता बनर्जी का विमान

खराब मौसम के कारण देरी से कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरा ममता बनर्जी का विमान
Modified Date: March 26, 2026 / 06:06 pm IST
Published Date: March 26, 2026 6:06 pm IST

कोलकाता, 26 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का विमान बृहस्पतिवार को भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण एक घंटे से अधिक देरी के बाद यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर सका। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पश्चिम बर्द्धमान जिले के अंडाल में चुनावी रैलियों में शामिल होने के बाद कोलकाता लौट रही थीं, तभी मौसम खराब हो गया और हवाई अड्डे पर विमान परिचालन प्रभावित होने लगा।

मुख्यमंत्री एक चार्टर्ड विमान में यात्रा कर रही थीं जिसने अंडाल हवाई अड्डे से अपराह्न लगभग 3.30 बजे उड़ान भरी और कोलकाता में उसे शाम लगभग चार बजे उतरना था।

सूत्रों ने बताया कि कोलकाता में अचानक भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण विमान समय पर नहीं उतर सका और उसे एक घंटे से अधिक समय तक आकाश में चक्कर लगाने पड़े।

हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने पहले कहा था, ‘‘विपरीत मौसमी परिस्थितियों के कारण मुख्यमंत्री का विमान कोलकाता में कुछ देर तक उतर नहीं पाया था।’’

अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण हवाईअड्डे पर विमान परिचालन लगभग 20 मिनट के लिए अस्थायी रूप से स्थगित करना पड़ा।

अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री का विमान मौसम में सुधार होने के बाद अंतत: शाम 5.19 बजे सुरक्षित उतर गया।

भाषा वैभव देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में