आईएसआई ‘समर्थित’ गिरोह में शामिल होने की कोशिश करने के आरोप में युवक को हिरासत में लिया

आईएसआई ‘समर्थित’ गिरोह में शामिल होने की कोशिश करने के आरोप में युवक को हिरासत में लिया

आईएसआई ‘समर्थित’ गिरोह में शामिल होने की कोशिश करने के आरोप में युवक को हिरासत में लिया
Modified Date: May 24, 2026 / 08:26 pm IST
Published Date: May 24, 2026 8:26 pm IST

हैदराबाद, 24 मई (भाषा) पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के ‘‘समर्थन वाले’’ आपराधिक गिरोह में शामिल होने और उसके माध्यम से हथियार खरीदने का प्रयास करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश का रहने वाला जायद खान दो महीने पहले हैदराबाद आया था और मेडचल इलाके के एक होटल में काम कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, वह कथित तौर पर ऑनलाइन माध्यम से एक समूह और उससे जुड़े लोगों के संपर्क में था, जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) का समर्थन हासिल था। आरोप है कि यह समूह देश में एक संगठित आपराधिक गिरोह का संचालन कर रहा था।

पुलिस ने एक विज्ञप्ति में बताया, ‘‘जायद सोशल मीडिया के माध्यम से गिरोह से जुड़े लोगों के संपर्क में था। उसने आपराधिक गिरोह में शामिल होने की इच्छा जाहिर की थी।’’

विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी के पास से दो नकली पिस्तौल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मेडचल पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 (भारत की संप्रभुता या एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

धीरज पारुल

पारुल


लेखक के बारे में