मणिपुर सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री
मणिपुर सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री
इंफाल, 27 जून (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शनिवार को खेलों को बढ़ावा देने तथा विशेष रूप से महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए अवसर सृजित करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
सिंह ने कहा कि यह जमीनी स्तर पर विकास और खेल से जुड़ी सुविधाओं के लिए लगातार समर्थन देकर किया जाएगा।
उन्होंने यह आश्वासन राज्य की भारतीय महिला फुटबॉल टीम की नौ खिलाड़ियों के साथ बातचीत के दौरान दिया। खिलाड़ियों ने मणिपुर के फुटबॉल खिलाड़ियों की उपलब्धियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और राज्य में महिला फुटबॉल को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बातचीत के दौरान टीम ने मुख्यमंत्री को बताया कि हाल ही में आयोजित छठी दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (एसएएफएफ) महिला चैम्पियनशिप जीतने वाली भारतीय टीम में कुल 23 खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें से नौ खिलाड़ी मणिपुर से थीं।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि मणिपुर की सभी नौ खिलाड़ी एसएएफएफ चैम्पियनशिप विजेता टीम का हिस्सा थीं और उनमें से कई ने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित एएफसी महिला एशियाई कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से राज्य में महिला फुटबॉल को निरंतर समर्थन देने का आग्रह किया।
सिंह ने देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों की सराहना की और खेल को बढ़ावा देने तथा उभरते फुटबॉल खिलाड़ियों (खासकर महिलाओं) के लिए बेहतर अवसर पैदा करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि यह काम जमीनी स्तर पर विकास और खेल सुविधाओं को लगातार समर्थन देकर किया जाएगा।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन

Facebook


