मणिपुर: एसआईआर की कवायद को लेकर कुकी शीर्ष संगठन ने जताई चिंता
मणिपुर: एसआईआर की कवायद को लेकर कुकी शीर्ष संगठन ने जताई चिंता
इंफाल, चार जून (भाषा) मणिपुर में कुकी समुदाय के शीर्ष संगठन ‘कुकी इनपी मणिपुर’ (केआईएम) ने राज्य में जारी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद पर बृहस्पतिवार को चिंता जताई।
संगठन का दावा है कि समुदाय के लगभग 59,000 आंतरिक रूप से विस्थापित लोग (आईडीपी) इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अपने घर लौटने में असमर्थ हैं।
‘कुकी इनपी मणिपुर’ ने एक बयान में कहा, ‘मौजूदा परिस्थितियों में मणिपुर में एसआईआर अस्वीकार्य है। यह निष्पक्षता, समावेशिता और प्रशासनिक जिम्मेदारी को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है।’
केआईएम ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सरकार पहले उन लगभग 59,000 कुकी-जो आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की स्थिति को सुधारने के लिए पर्याप्त और व्यावहारिक व्यवस्था करे, जो अब भी विस्थापित हैं और इस कवायद में भाग लेने के लिए अपने घरों को लौटने में असमर्थ हैं।
बयान में कहा गया, ‘आबादी के एक बड़े और संवेदनशील हिस्से की भागीदारी सुनिश्चित किए बिना इस तरह के महत्वपूर्ण चुनावी और प्रशासनिक कवायद को आगे बढ़ाना लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व के सिद्धांतों को कमजोर करता है।’
भाषा सुमित सुभाष
सुभाष

Facebook


