माओवादी नेता देवूजी ने भाकपा (माओवादी) पर से प्रतिबंध हटाने की मांग की
माओवादी नेता देवूजी ने भाकपा (माओवादी) पर से प्रतिबंध हटाने की मांग की
हैदराबाद, 14 मार्च (भाषा) तेलंगाना पुलिस के सामने हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) नेता थिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवूजी ने संगठन पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग की।
इसके साथ ही देवूजी ने इसे एक राजनीतिक दल के रूप में मान्यता देने की मांग की, हालांकि संगठन चुनावी राजनीति में भाग लेने के पक्ष में नहीं है।
उन्होंने देश भर में ‘शहरी नक्सल’ या अन्य नामों से जेल में बंद माओवादी समर्थकों को ‘राजनीतिक कैदी’ के रूप में मान्यता देकर रिहा करने की भी मांग की।
उन्होंने यहां टीवी चैनलों से कहा, ‘हम लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल नहीं होना चाहते। संसद और विधानसभा चुनावों में भाग लेना भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का ही रास्ता है। हम संसद और विधानसभा चुनावों में भाग नहीं लेना चाहते।’
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह एक राजनीतिक दल शुरू करने के पक्ष में हैं, तो उन्होंने कहा कि भाकपा (माओवादी) पहले से ही एक राजनीतिक दल है। उन्होंने संगठन पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि देश में माओवादी आंदोलन शुरू होने के बाद से कई लोग ‘शहीद’ हो गए हैं। वह और उनके सहयोगी उन ‘शहीदों’ के परिवारों को सहायता प्रदान करने के लिए एक दीर्घकालिक कार्यक्रम शुरू करना चाहते हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के साथ हुई मुलाकात
के बारे में देवूजी ने कहा कि माओवादियों पर लगे प्रतिबंध को हटाने और संगठन को एक कानूनी राजनीतिक दल के रूप में मान्यता देने की उनसे मांग की गई।
माओवादी नेताओं ने उनसे प्रतिबंध हटाने की केंद्रीय गृह मंत्रालय से सिफारिश करने का भी आग्रह किया।
रेड्डी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। हालांकि, देवूजी ने कहा कि उन्हें बैठक के परिणाम की जानकारी नहीं है।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


